झाबुआ। जिले में अवैध शराब माफियाओं के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना मेघनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम आमली पठार से अवैध शराब से भरा एक बड़ा ट्रक (12 चक्का ट्राला) जब्त किया है। इस पूरी कार्रवाई में शराब और वाहनों सहित कुल 55 लाख 40 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 3 फरवरी को मेघनगर पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ग्राम आमली पठार के रास्ते अवैध शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक 12 चक्का ट्राला रोका, जिसमें भारी मात्रा में शराब भरी हुई थी।
बड़ी मात्रा में शराब और वाहन बरामद
पुलिस ने मौके से कुल 293 पेटी (2615 बल्क लीटर) अवैध शराब जब्त की, जिसकी बाजार मूल्य लगभग 28 लाख रुपये बताया जा रहा है। शराब के अलावा पुलिस ने निम्नलिखित सामग्री भी जब्त की है:
- 12 चक्का ट्राला: कीमत करीब 25 लाख रुपये।
- 04 दोपहिया वाहन: कीमत करीब 02 लाख रुपये।
- 03 मोबाइल फोन: कीमत करीब 40 हजार रुपये।
पुलिस टीम को मिलेगा नकद पुरस्कार
इस बड़ी कामयाबी में मेघनगर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश शर्मा, उप निरीक्षक संतोष वसुनिया, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र, आरक्षक योगेश और सुनील की सराहनीय भूमिका रही। सफलता से उत्साहित पुलिस अधीक्षक झाबुआ ने पूरी टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
