जावरा (निप्र)। कश्मीरी गली स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत भैया-बहनों के लिए बोर्ड परीक्षा के पूर्व ‘शुभकामना बेला’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुधा ओस्तवाल, विशेष अतिथि सीमा चौपड़ा, प्रधानाचार्या शीला जैन, मनीषा गंगवाल एवं मनीषा सकलेचा दीदी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान भैया-बहनों द्वारा गीत एवं नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियाँ दी गईं। अतिथियों का स्वागत नीलम रैकवार, दीपा लालवानी, आरती रावल एवं ममता सोनी दीदी द्वारा किया गया।
अतिथियों ने भैया-बहनों को बोर्ड परीक्षा में सफलता प्राप्त करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अग्रिम शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर प्रधानाचार्या दीदी ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सरस्वती शिशु मंदिर से मिले संस्कारों को सदैव स्मरण में रखते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में प्री-बोर्ड परीक्षा में प्रथम दस स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहनों को मंच से सम्मानित कर आगामी परीक्षा के लिए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
