रतलाम रेल मंडल: DRUCC की द्वितीय बैठक संपन्न, सिंहस्थ के मद्देनजर यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर
रतलाम, 21 जनवरी। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल की मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति (DRUCC) की द्वितीय बैठक आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने की, जिसमें कुल 19 सदस्यों में से 14 सदस्य, एक प्रतिनिधि और क्षेत्रीय समिति के 3 सदस्यों ने सहभागिता की।

अधिकारियों ने दी उपलब्धियों की जानकारी
बैठक का शुभारंभ समिति की सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती हीना वी. केवलरामानी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने अपने संबोधन में समिति सदस्यों को रेलवे और यात्रियों के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 तक मंडल द्वारा किए गए अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही, सदस्यों को ‘रेलवन ऐप’ के प्रचार-प्रसार के लिए भी प्रेरित किया गया।

ZRUCC के लिए हुआ मतदान
जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, बैठक में क्षेत्रीय रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति (ZRUCC) के सदस्य के चुनाव हेतु मतदान हुआ। आम सहमति न बनने पर मतपत्र के माध्यम से वोटिंग कराई गई, जिसमें श्री तरुण व्यास ने 15 में से 10 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनका नाम अब मुख्यालय प्रेषित किया गया है।
सिंहस्थ और यात्री सुविधाओं पर चर्चा
बैठक में सदस्यों ने सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए उज्जैन के साथ-साथ देवास, इंदौर, नागदा, रतलाम और मंदसौर स्टेशनों पर सुविधाओं के विस्तार की मांग की। इसके अलावा ट्रेनों के ठहराव, फेरे बढ़ाने और नई ट्रेनों के संचालन जैसे महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए, जिस पर श्री अश्वनी कुमार ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
- DRUCC सदस्य: श्री राजदीप परवाल, श्री विशाल गिडवानी, श्री ब्रजेश खंडेलवाल, श्री गोपाल शर्मा, श्री कांतिलाल छाजेड़, श्री तरुण व्यास, श्री प्रदीप पुरोहित, श्री शैलेष गर्ग, श्री गोपाल कृष्ण सोडानी, श्री दर्शन सिंह गांधी, श्री हिमांशु दुबे, श्री मंगलचंद जाखड़, श्री अनिल उपाध्याय, श्री राजेश शर्मा।
- ZRUCC सदस्य: श्री अजीत सिंह नारंग, श्री वरुण अग्रवाल एवं श्री प्रतीक संचेती।
- प्रतिनिधि: श्री अशोक खंडेलिया की ओर से श्री मनोज शर्मा उपस्थित रहे।
- वरिष्ठ अधिकारी: वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) श्री पीयूष पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूर संचार इंजीनियर श्री ए.के. जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

