बोडियाकुआ से प्रारंभ होकर गीता भवन पर होगा रैली का समापन; छात्र लगाएंगे देशभक्ति के नारे
जावरा। आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के गौरवमयी अवसर पर 23 जनवरी, शुक्रवार को शहर में भव्य रैली का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर द्वारा निकाली जाने वाली यह रैली राष्ट्रभक्ति के संदेश के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी।
इन मार्गों से होकर गुजरेगी रैली
रैली का शुभारंभ प्रातः 9 बजे बोडियाकुआ क्षेत्र से होगा। यहाँ से प्रारंभ होकर रैली सुतारीपुरा, आजाद चौक, बजाज खाना, जवाहर पथ, पिपली बाजार, शुक्रवारीया, गोवर्धन नाथ चौक और रावण द्वार होते हुए गीता भवन पहुंचेगी, जहाँ इसका समापन किया जाएगा।
महापुरुषों की वेशभूषा होगी आकर्षण का केंद्र
इस भव्य रैली के दौरान विद्यालय के भैया-बहन देशभक्ति के नारे लगाते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस का स्मरण करेंगे। रैली का मुख्य आकर्षण वे छात्र होंगे जो नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित अन्य महान स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा और स्वरूप धारण कर शामिल होंगे। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को महापुरुषों के बलिदान से अवगत कराने का प्रयास किया है।
