– जावरा स्थित माधवानंद एकेडमी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर संघर्षशील महिलाओं का सम्मान करते हुए अतिथि।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर माधवानंद एकेडमी में कार्यक्रम, महिलाओं को कुरीतियों के खिलाफ निर्भीक होकर आगे बढ़ने का संदेश
जावरा (निप्र)। महिला परिवार की धुरी होती है। वह सदैव परिवार के हित में संघर्षशील रहकर सभी को जोड़े रखती है। महिला के त्याग और तपस्या से ही परिवार के बच्चे अपनी मंजिल तक पहुंचते हैं। समाज में ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जहां महिलाएं मजदूरी करके भी अपने बच्चों को पढ़ाती हैं और उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचाती हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ऐसी बहनों का अभिनंदन कर हम गौरवान्वित महसूस करते हैं।
उक्त विचार उषा श्रोत्रिय ने माधवानंद एकेडमी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में संघर्षशील बहनों के सम्मान समारोह में व्यक्त किए।
कार्यक्रम में अनीता राठौर, रामकुंवर, धापूबाई और सोहनकुंवर का सम्मान किया गया। इस अवसर पर अनीता राठौर ने कहा कि महिलाओं को निर्भीक और निडर होकर समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ खड़ा होना चाहिए तथा समय के साथ आगे बढ़ना चाहिए। महिला का संकल्प ही परिवार को सही दिशा देता है।
कार्यक्रम का संचालन ज्योति सोनी ने किया। कार्यक्रम में राजश्री नेका, अर्चना शर्मा, आकांक्षा सूर्यवंशी, टीना कुंवर, रचना कुशवाहा, माया धाकड़, शारदा वीर, शिवानी शर्मा, अंकित शर्मा, कीर्ति बैरागी, अंकित सोलंकी, निकिता पांचाल, प्रियंका देवड़ा, मुस्कान भारती सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
