पालकी में सवार होकर निकले भोलेनाथ, भव्य बारात और जयकारों से गूंजा नगर
महिदपुर रोड, रविवार। नगर में महाशिवरात्रि का पावन पर्व धार्मिक आस्था, भक्ति और अपार उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही शिव मंदिरों में अभिषेक, पूजन और दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा, जो देर शाम तक बना रहा। पूरा नगर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
आकर्षक श्रृंगार और 551 किलो खिचड़ी का भोग रेलवे स्टेशन स्थित त्रिभुवन नाथ शिव मंदिर में विशेष विद्युत सज्जा की गई और भगवान भोलेनाथ का मनमोहक श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर बाबा को 551 किलो खिचड़ी का महाभोग लगाया गया, जिसे बाद में भक्तों के बीच प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शन किए और धर्म लाभ अर्जित किया।
भव्य शिव बारात और पालकी यात्रा शाम 4:00 बजे त्रिभुवन नाथ मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गई। बाबा को सुंदर पालकी में विराजित किया गया था। बारात में ढोल-नगाड़े, डीजे पर बजते सुमधुर भजन और आकर्षक वेशभूषा में सजे मिकी माउस व शिव भक्तों की टोलियाँ आकर्षण का केंद्र रहीं। नगरवासी बाबा महाकाल के जयकारे लगाते हुए और भजनों पर झूमते हुए चल रहे थे।
शिव-शक्ति मिलन और महाआरती नगर के मुख्य मार्गों से भ्रमण करते हुए यह बारात रात्रि 8:30 बजे माताजी मंदिर पहुँची। यहाँ भव्य आतिशबाजी के साथ ‘शिव-शक्ति मिलन’ और महाआरती का आयोजन किया गया। इसके साथ ही समीपस्थ गोगापुर स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, प्राचीन झरादैश्वर महादेव मंदिर और नगर के अन्य शिवालयों में भी महाप्रसादी एवं आरती के आयोजन हुए।
यह संपूर्ण आयोजन त्रिभुवन नाथ मंदिर समिति एवं नगर के शिव भक्तों द्वारा संपन्न कराया गया। उक्त जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता एवं जैन समाज मीडिया प्रभारी सचिन भंडारी ने दी।
