मुंबई. मुंबई से गुजरात जाने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। मुंबई सेंट्रल से अहमदाबाद के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच की संख्या बढ़ाकर 20 करने का फैसला लिया गया है। अभी इस ट्रेन में 16 कोच हैं, जिनमें चार नए एसी कोच जोड़े जाएंगे। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे अधिक लोगों को इस सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन में यात्रा करने का मौका मिलेगा।
रेलवे की आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी तौर पर लागू की जाएगी। 9 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक इस ट्रेन में अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। पीक सीजन में इस ट्रेन की मांग काफी अधिक रहती है, इसलिए भीड़ कम करने और यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
2024 में शुरू हुई थी यह वंदे भारत सेवा
मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत 13 मार्च 2024 को हुई थी और इसे 12 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाई थी। पिछले दो वर्षों में इस ट्रेन को यात्रियों से काफी अच्छा प्रतिसाद मिला है। रेलवे अब विभिन्न व्यस्त मार्गों पर वंदे भारत ट्रेनों की संख्या और उनके कोच बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है।
मुंबई से अहमदाबाद का सफर 5 घंटे 40 मिनट में
मुंबई सेंट्रल से अहमदाबाद के बीच लगभग 491 किलोमीटर का सफर वंदे भारत एक्सप्रेस करीब 5 घंटे 40 मिनट में पूरा करती है। यह ट्रेन बोरीवली, सूरत, वापी और वडोदरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकती है। तेज गति और आधुनिक सुविधाओं के कारण यह ट्रेन व्यापारियों, कामकाजी लोगों और यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय हो गई है।
