वर्ष 2026 ‘सेवा, सदस्यता और सक्रियता’ के संकल्प के साथ मनाया जाएगा
रतलाम। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन की जिला बैठक जिलाध्यक्ष वरुण पोरवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर श्री पोरवाल ने फेडरेशन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आगामी वर्ष में ‘सदस्यता, सेवा एवं सक्रियता’ को मुख्य आधार मानकर संस्था ने वैश्य हित में कार्य करने का निर्णय लिया है।
कानूनी सेल का होगा गठन
वरुण पोरवाल के रामबाग स्थित निवास पर आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में जिला विधिक प्राधिकरण के सहयोग से एक ‘लीगल सेल’ (कानूनी सेल) का गठन किया जाएगा। इस सेल के माध्यम से संगोष्ठी आयोजित कर वैश्य बंधुओं को विधिक समस्याओं से निपटने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, उन्हें नि:शुल्क कानूनी सलाह, काउंसलिंग और आपसी विवादों में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि समाज के लोगों का समय और पैसा कानूनी प्रकरणों में व्यर्थ न हो। इसके अतिरिक्त, वैश्य बालिकाओं के लिए काउंसलिंग सुविधा और व्यापारियों के लिए आर्बिट्रेशन (मध्यस्थता) के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण और संगठन विस्तार
बैठक में महिला इकाई के गठन का भी निर्णय लिया गया, ताकि जिले की वैश्य महिलाएं सशक्त बनें। उन्हें विभिन्न कुटीर उद्योग स्थापित करने हेतु प्रेरित किया जाएगा। पदाधिकारियों के बीच आगामी नववर्ष में राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन आयोजित करने पर भी सहमति बनी। बैठक में जिले भर में सदस्यता अभियान चलाकर 1000 से अधिक नए सदस्य बनाने का संकल्प लिया गया।
उपस्थिति एवं नियुक्तियाँ
बैठक में वरिष्ठ बी.एल. मजावदिया, दिलीप मेहता, विशाल डांगी, नीलेश लड्ढा, संजय बाफना, श्रीकांत डोसी, रजनीश गोयल, राजेश माहेश्वरी, महेश अग्रवाल, अभिषेक धूत, सिद्धार्थ मूणत, सुरेश बाहेती, नीलेश बाफना, राजेश धुपिया, चेतन मूणत, अंकित कटारिया, सौरभ मेहता, विपुल मोदी, मयंक गांधी आदि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर चेतन मूणत को युवा शाखा का महामंत्री घोषित किया गया, जिनका सभी ने स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री दिलीप मेहता ने किया।
