”हर सुबह की शुरुआत योग और गौसेवा के साथ हो”
“नियमित 21 सूर्य नमस्कार जीवन में लाएंगे ओज, तेज और उमंग”
रतलाम। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मार्गदर्शन में जिला रतलाम के पांचों संगठनों के तत्वावधान में 15 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक ’25 दिवसीय एडवांस योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। गुरुनानक भवन, विरियाखेड़ी में प्रातः 06 से 08 बजे तक संचालित इस शिविर का मूल उद्देश्य नए योग शिक्षकों के माध्यम से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य और तनावमुक्त जीवन जीने की कला सिखाना है। इसके साथ ही समाज के हर वर्ग में फैल रही शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक विकृतियों और रोगों के बंधनों से मुक्ति दिलाना शिविर का मुख्य लक्ष्य है।
योग और संस्कृति का समन्वय
मुख्य अतिथि जिला जेल अधीक्षक लक्ष्मण सिंह भदौरिया एवं श्री राम गौशाला (बांगरोद) के संरक्षक ऋषिराज धाकड़ ने अपने संबोधन में कहा कि यदि दिन की शुरुआत योग और गौसेवा से हो, तो हम स्वतः ही अपनी सभ्यता, संस्कृति और प्रकृति से जुड़ जाते हैं। वर्तमान युग में योग की शरण लेना अनिवार्य है, जो भविष्य में कल्याण के मार्ग खोलेगा। पहाड़ों से निकलकर धरातल पर आया योग, आयुर्वेद, स्वदेशी गुरुकुल शिक्षा और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति हर आयु वर्ग को विपदाओं से मुक्ति दिलाकर भारत को पुनः ‘विश्व गुरु’ बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
विशेष प्रशिक्षण और सूर्य नमस्कार
युवा भारत के जिला प्रभारी विशाल कुमार वर्मा ने दैनिक पारंपरिक योगिंग-जॉगिंग, सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम, आहार-विहार और रोगानुसार योग पैकेज का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सामूहिक रूप से 21 सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराते हुए सभी से इस ‘योग महायज्ञ’ में आहुति देने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि नियमित सूर्य नमस्कार के अनगिनत लाभ हैं; यह शरीर को लचीला व सुडौल बनाता है और जीवन में नई ऊर्जा व उमंग का संचार कर तनाव दूर करने में सहायक है।
इनका रहा विशेष सहयोग
इस 25 दिवसीय योग यज्ञ में केंद्रीय टीम से युवा भारत राज्य प्रभारी प्रेम पुनिया का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। शिविर के सफल संचालन में:
डॉ. उत्तम शर्मा (जिला प्रभारी, भारत स्वाभिमान ट्रस्ट)
अपार उपाध्याय (जिला प्रभारी, पतंजलि योग समिति)
नित्येन्द्र आचार्य (सोशल मीडिया प्रभारी)
राजेश धाकड़ (जिला प्रभारी, किसान सेवा समिति)
सहित समर्पित योग सेवक सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
