नोएडा। दृढ़ संकल्प और मेहनत के दम पर गौतमबुद्धनगर की दीपा भाटी ने यह साबित कर दिया कि सफलता की कोई उम्र नहीं होती। तीन बच्चों की मां दीपा ने 40 वर्ष की आयु में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) परीक्षा उत्तीर्ण कर अधिकारी बनने का सपना साकार किया।
दीपा भाटी मूल रूप से गौतमबुद्धनगर के कोंडली बांगर गांव की निवासी हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद केमिस्ट्री में स्नातक और इतिहास में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की। कम उम्र में विवाह होने के कारण उनकी पढ़ाई कुछ समय के लिए बाधित हो गई, लेकिन उन्होंने अपने लक्ष्य को कभी नहीं छोड़ा।
घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने पढ़ाई जारी रखी। तीन बच्चों की परवरिश और घरेलू कार्यों के बीच समय निकालकर उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की। इस दौरान उन्होंने एक निजी स्कूल में अध्यापन कार्य भी किया। परिवार के सहयोग और अपने भाई के प्रोत्साहन से उन्होंने यूपीपीसीएस की तैयारी गंभीरता से शुरू की।
समाज के तानों और उम्र को लेकर उठे सवालों के बावजूद दीपा ने हार नहीं मानी। वर्ष 2021 में उन्होंने यूपीपीसीएस परीक्षा में 166वीं रैंक प्राप्त कर सफलता हासिल की। उस समय उनकी बड़ी बेटी 12वीं कक्षा में अध्ययनरत थी।
दीपा भाटी की यह सफलता उन सभी महिलाओं और अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।
