एकता और सद्भाव का केंद्र बनेगा नवनिर्मित स्थानक भवन, कोठारी परिवार द्वारा होगा लोकार्पण
1952 से सक्रिय जैन श्रावक संघ ट्रस्ट का नया सोपान: रविवार को मंत्रोचार के साथ खुलेगा नया भवन
रतलाम: स्टेशन रोड स्थित नवनिर्मित स्थानक भवन का उद्घाटन 1 मार्च को
रतलाम। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक- संघ ट्रस्ट बोर्ड, रतलाम के तत्वावधान में स्टेशन रोड पर भव्य नवनिर्मित ‘स्थानक भवन’ का उद्घाटन समारोह आगामी रविवार, 1 मार्च 2026 को आयोजित किया जा रहा है। इस नवनिर्मित भवन का लोकार्पण श्रीमती गुलाबबाई स्व. शांतिलालजी कोठारी (प्रकाश ट्रेडर्स परिवार) के कर-कमलों द्वारा संपन्न होगा।
धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा शुभारंभ
ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष इंदरमल मांडोत एवं मंत्री महेन्द्र चाणोदिया ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:30 बजे ‘नवकार महामंत्र’ के सामूहिक जाप से होगी, जो 10:15 बजे तक चलेगा। इसके पश्चात ठीक 10:15 बजे मंत्रोचार के बीच उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर सभी धर्मप्रेमियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था रखी गई है।
ट्रस्ट का गौरवशाली इतिहास
उल्लेखनीय है कि श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ ट्रस्ट बोर्ड रतलाम की एक प्रतिनिधि संस्था है, जिसकी स्थापना सन 1952 में हुई थी। यह संस्था मध्य प्रदेश पब्लिक ट्रस्ट एक्ट के तहत पंजीकृत है। इस ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य स्थानीय जैन समाज के तीनों संप्रदायों (पूज्य श्री 1008 श्री जवाहरलालजी म.सा., पूज्य श्री 1008 श्री धर्मदासजी म.सा. और पूज्य श्री 1008 श्री खुबचन्द्रजी म.सा. की संप्रदाय) के बीच आपसी भाईचारा, एकता और स्नेह बनाए रखना है।
इनका रहा विशेष सहयोग
इस नवनिर्मित भवन के निर्माण में प्रमुख दानदाता के रूप में रतलाम-इंदौर के श्रेणीवर्य दलीचन्द नानालाल चौरड़िया परिवार एवं प्रमुख अर्थ सहयोगी के रूप में श्रेणीवर्य श्रीमती कमलादेवी हीरालालजी जैन (तरसिंग) का विशेष योगदान रहा है। स्थानक के पुनर्निर्माण के लिए शिलान्यासकर्ता श्रेणीवर्य श्री पन्नालालजी धुलचन्दजी कटारिया रहे हैं।
इस गरिमामयी अवसर पर ट्रस्टी बाबूलाल सेठिया, रंगलाल चौरड़िया, विनोद भंडारी, प्रकाश मूणत, आजाद मेहता, कांतिलाल छाजेड़ और इंदरमल जैन (वकील साहब) सहित श्री साधुमार्गी जैन श्रीसंघ, श्री धर्मदास जैन श्रीसंघ एवं श्री वर्धमान स्था. जैन श्रावक संघ नीमचौक ने सभी समाजजनों से कार्यक्रम में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
