महाशिवरात्रि मेला: रतलाम एसपी ने प्रसिद्ध मनुनिया महादेव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
प्रसारण न्यूज़, ताल
ताल: महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में ताल के समीपस्थ ग्राम मनुनिया महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले विशाल मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन मुस्तैद हो गया है। बुधवार, 11 फरवरी को रतलाम पुलिस अधीक्षक (SP) अमित कुमार ने मनुनिया महादेव मंदिर पहुँचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं और प्रारंभिक तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
विदित हो कि इस प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर वर्षभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है, लेकिन महाशिवरात्रि पर यहाँ लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुँचते हैं। मेले में स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में व्यवसाई आते हैं, जिनके लिए यह मेला व्यापार का एक प्रमुख केंद्र होता है।
प्रशासन की प्राथमिकता: सुरक्षित दर्शन और सुव्यवस्थित पार्किंग
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से दर्शन लाभ कराना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही, भारी भीड़ को देखते हुए वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। इस कार्य में स्थानीय पुलिस बल के साथ-साथ मंदिर समिति के सदस्यों और आमजन का भी विशेष सहयोग रहेगा।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर आलोट एसडीएम रचना शर्मा, एसडीओपी पल्लवी गौर, ताल तहसीलदार निर्भय सिंह पटेल, ताल थाना प्रभारी तुर सिंह डावर, राजस्व निरीक्षक रमेश सोलंकी एवं पटवारी रंगलाल शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक अमले द्वारा स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लेने से श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में उत्साह का वातावरण है। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास देखा जा रहा है।
