शिक्षा की गुणवत्ता और दायित्वों पर हुई चर्चा
जावरा (निप्र)। स्थानीय जनपद शिक्षा केंद्र में नवनियुक्त क्लस्टर अकादमिक समन्वयक (CAC) एवं ब्लॉक अकादमिक समन्वयक (BAC) के लिए एक स्वागत बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी नवनियुक्त समन्वयकों का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत कर उन्हें नवीन दायित्वों के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।
कर्तव्य निष्ठा पर जोर
खंड स्रोत केंद्र समन्वयक (BRC) राजेश भावसार ने बैठक को संबोधित करते हुए जनशिक्षक एवं ब्लॉक अकादमिक समन्वयक की भूमिका और उनके निर्धारित लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, शिक्षकों को सहयोग प्रदान करने, विद्यालयों के नियमित शैक्षणिक अवलोकन और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में समन्वयकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इन प्रमुख बिंदुओं पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान अकादमिक सुदृढ़ीकरण, गणवेश वितरण, यू-डाइस (U-DISE) डेटा एंट्री, ‘वॉश ऑन व्हील्स’ अभियान, आगामी परीक्षाओं की तैयारी एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई।
अग्रणी ब्लॉक की साख बनाए रखने का आह्वान
पूर्व खंड स्रोत केंद्र समन्वयक चरण सिंह चंद्रावत ने अपने संबोधन में कहा कि जावरा ब्लॉक अकादमिक गतिविधियों के हर पैरामीटर पर जिले में हमेशा अग्रणी रहा है। उन्होंने नवनियुक्त टीम से इसी गौरव को बनाए रखने की अपेक्षा की। अंत में सभी नवनियुक्त सीएसी एवं बीएसी को पूर्ण निष्ठा और समर्पण भाव से कार्य करने का संकल्प दिलाया गया। बैठक में ब्लॉक अकादमिक समन्वयक, जनशिक्षक एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा।
