रतलाम | पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार द्वारा पुलिस वेलफेयर के अंतर्गत एक अनूठी एवं प्रेरणादायी पहल करते हुए आज, दिनांक 01.02.2026 को पुलिस परिवारों एवं उनके बच्चों के साथ देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का सामूहिक रूप से आनंद लिया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस कल्याण की भावना को सुदृढ़ करना, पुलिस परिवारों के साथ खुशियाँ साझा करना, ड्यूटी के तनाव से मुक्त होकर परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताना तथा बच्चों में देशभक्ति, कर्तव्यबोध एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार करना है।
पुलिस अधीक्षक आज दोपहर पुलिस वाहन के माध्यम से सभी पुलिस परिजनों एवं बच्चों के साथ ‘आनंद बिग मॉल’ पहुँचे और फिल्म देखी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक स्वयं पुलिस परिवारों एवं बच्चों के बीच उपस्थित रहे और उनके साथ समय व्यतीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों में फिल्म को लेकर विशेष उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला, वहीं पुलिस परिवारों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत सकारात्मक एवं प्रेरक बताया।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक रतलाम श्री मोहन भर्रावत, सूबेदार श्रीमती मोनिका ठाकुर सहित पुलिस परिवार के सदस्य एवं बच्चे उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को पुलिस बल के मनोबल एवं पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।
रतलाम पुलिस द्वारा भविष्य में भी पुलिस वेलफेयर, पारिवारिक सहभागिता एवं सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु इस प्रकार के सकारात्मक प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे।
