जावरा। “वर्तमान दौर में जहां धर्म की पालना और मनोरंजन का संगम होता है, वहीं तनाव दूर होता है और आपसी अपनत्व व मित्रता बढ़ती है। जैन सोशल ग्रुप (JSG) मैत्री ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में निरंतर सकारात्मक कार्य कर रहा है।”
यह विचार जैन सोशल ग्रुप्स इंटरनेशनल फेडरेशन के अंतरराष्ट्रीय डायरेक्टर अनिल धारीवाल ने व्यक्त किए। वे एक स्थानीय रिसॉर्ट में आयोजित जैन सोशल ग्रुप जावरा ‘मैत्री’ की पारिवारिक मनोरंजन सभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
म्यूजिकल तंबोला और डांस की धूम
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण म्यूजिकल तंबोला रहा, जिसका संचालन प्रसिद्ध सिंगर पप्पू शर्मा ने किया। करीब 3 घंटे तक चले इस रोमांचक सत्र में ग्रुप के 115 दंपत्ति साथियों ने हिस्सा लिया। तंबोला के हर गीत पर सदस्यों ने शानदार डांस की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा माहौल उत्सव जैसा हो गया। इसके साथ ही ‘पतंग सजाओ प्रतियोगिता’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने अपनी रचनात्मकता दिखाई।
तीर्थ यात्रा की सफलता पर पदाधिकारियों का सम्मान
हाल ही में ग्रुप द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न हुई 12 दिवसीय श्री सम्मेद शिखर जी तीर्थ यात्रा की खुशी भी इस आयोजन में दिखाई दी। यात्रा के कुशल प्रबंधन के लिए ग्रुप के अध्यक्ष राजेश पोखरना, सचिव शशांक मेहता और कोषाध्यक्ष संदीप दसेड़ा का विशेष रूप से बहुमान किया गया।
सेल्फी पॉइंट और पुरस्कार वितरण
कार्यक्रम की शुरुआत श्रुति दसेड़ा के मंगलाचरण से हुई। स्वागत भाषण अध्यक्ष राजेश पोखरना ने दिया। रिसॉर्ट में बनाए गए आकर्षक सेल्फी पॉइंट पर सदस्यों में फोटो खिंचवाने की होड़ लगी रही। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए।
इन्होंने किया संचालन
कार्यक्रम का सफल संचालन दीपक मेहता एवं शरद डूंगरवाल ने किया, जबकि अंत में आभार अर्पल कोचट्टा ने माना। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्षों सहित ग्रुप के सभी सदस्य सपरिवार उपस्थित थे।


