
सूरत: बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर’ में अक्षय खन्ना ने जिस खूंखार ‘रहमान डकैत’ का किरदार निभाया, वह इन दिनों चर्चा में है। लेकिन अब गुजरात की सूरत क्राइम ब्रांच ने असल जिंदगी के ‘रहमान डकैत’ को गिरफ्तार कर पूरे देश की पुलिस को चौंका दिया है। 7 राज्यों का वांटेड और भोपाल के कुख्यात ‘ईरानी डेरे’ का सरगना आबिद अली उर्फ राजू ईरानी उर्फ रहमान डकैत अब पुलिस की गिरफ्त में है।
सुपरकॉप भावेश रोजिया की टीम को मिली बड़ी कामयाबी
इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन को सूरत के डीसीपी और तेजतर्रार अधिकारी भावेश रोजिया की अगुवाई वाली क्राइम ब्रांच टीम ने अंजाम दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि डकैत रहमान सूरत के लालगेट इलाके में अपने साले के घर छिपा हुआ है। टीम ने बिना एक भी गोली चलाए इस बेहद खतरनाक अपराधी को दबोच लिया।
फिल्म जैसा खूंखार, हकीकत में उससे भी ज्यादा खतरनाक
फिल्म ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत को पाकिस्तान के ल्यारी इलाके का डॉन दिखाया गया है, लेकिन असल जिंदगी का यह अपराधी भारतीय पुलिस के लिए बड़ा सिरदर्द बना हुआ था।
- 7 राज्यों में वांटेड: मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की पुलिस इसकी तलाश कर रही थी।
- पुलिस पर हमला कर हुआ था फरार: पिछले महीने जब भोपाल पुलिस ने ‘ईरानी डेरा’ में छापेमारी की थी, तो वह पुलिस पर पत्थरबाजी कर भाग निकला था।
सूरत बना था छिपने का ठिकाना
भोपाल से भागने के बाद रहमान डकैत ने सूरत में शरण ली थी। उसे लगा था कि वह भीड़भाड़ वाले इलाके में छिप जाएगा, लेकिन सूरत क्राइम ब्रांच की पैनी नजरों से वह बच नहीं सका।
