जावरा। “मनुष्य अपने जीवन में कर्म पथ पर चलते हुए अनेक सामाजिक और धार्मिक कार्य करता है, लेकिन जीवदया का कार्य इन सबसे ऊपर है। पशु-पक्षियों की सेवा करने से जो आत्मिक शांति और सुकून मिलता है, वही वास्तव में सच्चा धर्म है।” यह विचार जैन सोशल ग्रुप (JSG) सेंट्रल के अध्यक्ष संजय सुराणा ने व्यक्त किए।
जीव आहार योजना के तहत सेवा कार्य
जेएसजी सेंट्रल द्वारा प्रतिमाह संचालित होने वाली ‘जीव आहार योजना’ के अंतर्गत इस बार भी विशेष आयोजन किया गया। इस कड़ी में लाभार्थी बाफना परिवार (श्रीपाल एवं मंगलेश बाफना) द्वारा अपने पूर्वजों स्व. सुजानमल एवं स्व. कमला बाई की पुण्य स्मृति में गौ-सेवा का संकल्प लिया गया।
गायों को कराया गया आहार
योजना के तहत बाफना परिवार के सौजन्य से बड़ी संख्या में गायों को पौष्टिक आहार खिलाया गया। ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि बेजुबान जीवों की सेवा का यह क्रम निरंतर जारी है, जिसका उद्देश्य समाज में जीवदया की भावना को जागृत करना और पशु संरक्षण में योगदान देना है। इस दौरान ग्रुप के पदाधिकारी एवं बाफना परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
