रतलाम। कलेक्टर सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों (TL) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, समयावधि पत्रों, समाधान पोर्टल एवं अन्य शासकीय विषयों पर विभागवार समीक्षा कर विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
पर्यावरण संरक्षण हेतु गोकाष्ठ को बढ़ावा
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने आगामी होलिका दहन के अवसर पर जिले में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पशु चिकित्सा (वेटनरी) विभाग को गोकाष्ठ की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय एवं नगर निगम को सामाजिक संगठनों व एनजीओ के साथ बैठक कर गोकाष्ठ के उपयोग हेतु आमजन को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
विभागीय समीक्षा एवं निर्देश
- गोकाष्ठ का प्रभावी उपयोग: कलेक्टर ने सीईओ जनपद को मनरेगा के अंतर्गत गौशालाओं में निर्मित गोकाष्ठ का ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा सीएमओ को नगरीय निकायों में सामाजिक संगठनों के सहयोग से गोकाष्ठ उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
- विद्युत शवदाह गृह: नगरीय क्षेत्रों के मुक्तिधामों में विद्युत शवदाह गृह की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- संकल्प से समाधान: इस अभियान के अंतर्गत माह की 15 तारीख तक सभी आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
- आयुष्मान कार्ड एवं राजस्व: कलेक्टर ने एसएलआर को खसरा बी-1 हेतु नवीन आवेदन प्राप्त करने तथा सचिव, जीआरएस, आशा एवं एएनएम को आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में गति लाने हेतु निर्देशित किया।
शिकायतों का त्वरित निराकरण
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को ‘संकल्प से समाधान’ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से टैग करें। इसके साथ ही स्वास्थ्य, राजस्व, शिक्षा एवं सामाजिक न्याय विभाग को सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
