बड़नगर। नगर के प्रतिष्ठित साहित्यकार नीतेश जोशी की लेखनी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी चमक बिखेरी है। उनके नवीन कविता संग्रह ‘तुम्हारे लिए’ को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ‘एमिली डिकिंसन’ (Emily Dickinson) पुरस्कार से नवाजा गया है। बुकलीफ पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित इस संग्रह में जोशी की 21 प्रेम कविताओं का संकलन है, जिसे वैश्विक स्तर पर पाठकों और समीक्षकों द्वारा सराहा गया है।
मध्य भारत के साहित्य क्षेत्र में एक सशक्त हस्ताक्षर नीतेश जोशी एक संस्कारित साहित्यिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके परिवार में शब्द केवल अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि संस्कार और संवेदना का माध्यम रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रचनाओं में गहराई, संतुलन और भावनात्मक प्रामाणिकता स्पष्ट झलकती है।
संवेदना और समर्पण का संगम है ‘तुम्हारे लिए’
यह कविता संग्रह प्रेम की उन अनुभूतियों का जीवंत दस्तावेज है, जो जीवन के संघर्षों और अनकहे क्षणों के बीच उपजती हैं। इन कविताओं में प्रेम किसी एक सीमा या नाम में बंधा नहीं है, बल्कि यहाँ प्रेम एक संवेदना, अटूट प्रतीक्षा और निस्वार्थ समर्पण के रूप में उभरता है। यह संग्रह उन भावों की अभिव्यक्ति है, जो हर उस मन को स्पर्श करते हैं जिसने कभी प्रेम की भाषा सीखी हो।
वैश्विक स्तर पर उपलब्ध
उल्लेखनीय है कि नीतेश जोशी की यह कृति भारत के साथ-साथ विदेशों में भी चाव से पढ़ी जा रही है। यह संग्रह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों पर पाठकों के लिए उपलब्ध है।
साहित्य जगत में हर्ष की लहर
नीतेश जोशी की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर क्षेत्र के साहित्यकारों और गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया है। वरिष्ठ साहित्यकार रमेश चागेसिया, प्रमोद पंचोली, सुभाष तिवारी, नवीन त्रिवेदी ‘मुखिया’, भवानी शंकर जोशी, विजय यादव आदि ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
