जावरा (नि.प्र.) अनुविभाग के फोरलेन स्थित ग्राम ढोढर कस्बे में फोरलेन सड़क किनारे हटाए गए अतिक्रमण के बाद मलबा उठाने व नालियों की साफ-सफाई का कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है, जिससे दुकानदारों और नागरिकों में नाराजगी है। उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि यदि इसी कछुआ चाल से मलबा समेटने और नालियों की सफाई का कार्य चलता रहा, तो इसे पूरा होने में कितना समय लगेगा।
इधर, रोड मेंटेनेंस अधिकारी मुकेश भोयटे ने स्पष्ट किया है कि महू-नीमच मार्ग किनारे आसपास की नालियों से हटाए गए अतिक्रमण का मलबा उठाने और नालियों की समुचित सफाई में कम से कम 15 से 20 दिन का समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए एक जेसीबी, दो ट्रैक्टर तथा 8 मजदूर लगाए गए हैं।
इस बीच, गत दिनों सरपंच जगदीश माली एवं पूर्व सरपंच राकेश चौहान ने गांव के वरिष्ठजनों के साथ सफाई कार्य का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य का अवलोकन करने के बाद कहा कि यदि सफाई व्यवस्था इसी धीमी गति से चलती रही, तो दुकानदारों और आमजन को राहत मिलने में काफी समय लगेगा। उन्होंने रोड मेंटेनेंस अधिकारी भोयटे को निर्देशित किया कि अतिरिक्त संसाधन बढ़ाकर मलबा हटाने और नालियों की सफाई शीघ्र पूर्ण कर उन्हें जल्द ढंका जाए।
