रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चार आरोपी धरे गए
रतलाम, 15 फरवरी (खबरबाबा.काम): जिले के जावरा और ताल थाना क्षेत्रों सहित आसपास के जिलों में महिलाओं से मंगलसूत्र, पर्स और मोबाइल छीनने की लगातार हो रही वारदातों का रतलाम पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। अंतर-जिला स्तर पर सक्रिय इस चेन स्नैचिंग गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह रतलाम, आगर-मालवा और राजगढ़ जिलों में वारदातों को अंजाम दे रहा था।
वारदातों का विवरण
एसपी अमित कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपियों ने:
- 05 फरवरी: जावरा थाना क्षेत्र।
- 06 फरवरी: ताल, आलोट एवं बड़ोद क्षेत्र।
- 07 फरवरी: सुसनेर (जिला आगर-मालवा) व जीरापुर (जिला राजगढ़)।
इन सभी स्थानों पर आरोपियों ने काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल का उपयोग कर महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और मोबाइल झपटे थे।
ऐसे मिली सफलता
एसपी अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी आलोट श्रीमती पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपियों के रूट को ट्रैक किया। साइबर सेल की तकनीकी मदद और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें भोपाल से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- विजय (21 वर्ष): निवासी वास्तु विहार कॉलोनी, रातीबड़, भोपाल।
- राजा खान (23 वर्ष): निवासी नेहरू नगर कोटरा, कमलानगर, भोपाल।
- लक्की (23 वर्ष): निवासी न्यू अंबेडकर नगर, कोलार रोड, भोपाल।
- मयंक (40 वर्ष): निवासी दानेश कुंज, कोलार रोड, भोपाल।
अपराधिक रिकॉर्ड और बरामदगी
आरोपियों का रिकॉर्ड अत्यंत गंभीर है। आरोपी लक्की पर लूट, चोरी और अवैध वसूली सहित 28 अपराध दर्ज हैं। राजा खान पर 07 और विजय पर 06 मामले दर्ज हैं। इनके पास से दो सोने के मंगलसूत्र, 29 सोने के मोती और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने इनकी जमानत निरस्त करवाने के लिए न्यायालय में आवेदन प्रेषित किया है।
सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना ताल, बडावदा, आलोट, जावरा शहर, माणकचौक और साइबर सेल रतलाम की विशेष भूमिका रही। विशेष रूप से प्रआर. मनमोहन शर्मा, प्रआर. लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी और आर. विपुल भावसार ने महत्वपूर्ण कार्य किया। एसपी द्वारा पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
