प्रशासन गांव की ओर: कलेक्टर ने बाजना क्षेत्र में परखी व्यवस्थाएं, लापरवाहों को नोटिस और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
सैलाना/बाजना | भारत सरकार एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ जनता तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिले में ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को बाजना के ईमलीपाडा कला क्लस्टर के अंतर्गत 19 ग्राम पंचायतों में जिला स्तरीय अधिकारियों ने दस्तक दी। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने स्वयं मैदानी मोर्चा संभालते हुए ग्राम पंचायतवार कार्यों की समीक्षा की और लापरवाही पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
मंदिर परिसर और ईको टूरिज्म का होगा कायाकल्प कलेक्टर मिशा सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन ने राजापुरा माताजी मंदिर में दर्शन के बाद परिसर का सघन निरीक्षण किया। कलेक्टर ने यहाँ स्वच्छता परिसर, बाउंड्रीवाल, धर्मशाला, गार्डन और लाइटिंग के लिए तत्काल DPR तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही राजापुरा माताजी ईको टूरिज्म और फॉरेस्ट गेस्ट हाउस को विकसित करने, बच्चों के लिए झूले, सेल्फी पॉइंट और जनजातीय संस्कृति की प्रदर्शनी लगाने हेतु एसडीएम को निर्देशित किया।
अतिक्रमण पर सख्त तेवर, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर नोटिस आयुष्मान आरोग्य मंदिर रतनगढ़ के निरीक्षण के दौरान एक कक्ष पर ग्रामीण का कब्जा पाकर कलेक्टर ने बीएमओ और पंचायत सचिव को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को तत्काल अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। साथ ही गर्भवती महिलाओं के फॉलोअप में लापरवाही बरतने पर आशा कार्यकर्ता और एएनएम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
शिक्षा की गुणवत्ता और आंगनवाड़ी की जांच प्राथमिक विद्यालय पिपलीपाडा में कलेक्टर ने कक्षा 2 की छात्रा शिवानी से गणित के सवाल हल करवाए। छात्रा द्वारा सही उत्तर देने पर उन्होंने उसकी पीठ थपथपाई। वहीं, आंगनवाड़ी केंद्र नई आबादी बाजना में बच्चों की दर्ज संख्या के मुकाबले कम भोजन मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और स्व-सहायता समूह की राशि काटने के निर्देश दिए।
अन्य प्रमुख निर्देश:
- पेंशन व आयुष्मान: 60 वर्ष से अधिक के पात्र बुजुर्गों की पेंशन और 70 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड शत-प्रतिशत बनाने के निर्देश।
- राजस्व कार्य: पटवारियों को गिरदावरी, फार्मर रजिस्ट्री और पीएम किसान ई-केवाईसी का काम समय सीमा में पूर्ण करने को कहा।
- विकास कार्य: निर्माणाधीन कन्या आश्रम शाला बाजना का कार्य मार्च 2026 तक पूर्ण कर हैंडओवर करने और सामग्री की गुणवत्ता रिपोर्ट सोमवार तक पेश करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान एसडीएम सैलाना तरुण जैन, तहसीलदार मनीष जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने स्कूलों और आंगनवाड़ियों में बच्चों के साथ भोजन कर मिड-डे मील की गुणवत्ता भी परखी।
