अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी, छात्रावास में अनुपस्थित मिलीं वार्डन, कलेक्टर ने दिए नई नियुक्ति के निर्देश
जावरा/ढोढर (निप्र): कलेक्टर मिशा सिंह ने मंगलवार शाम जावरा अनुविभाग के ढोढर टप्पा तहसील कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुनील जायसवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान कलेक्टर ने तहसील की कार्यप्रणाली, नवीन भवन की स्थिति और जनसमस्याओं पर अधिकारियों से चर्चा की।
रीडर की कमी और नवीन कार्यालय पर चर्चा
तहसील कार्यालय में रीडर की अनुपस्थिति के प्रश्न पर कलेक्टर ने स्वीकार किया कि आदेश के बावजूद स्थानांतरण पर आए कर्मचारी ने अभी तक जॉइनिंग नहीं दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही यहाँ वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। नवीन टप्पा तहसील कार्यालय में अन्य विभागों के शिफ्ट न होने पर उन्होंने बताया कि वर्तमान में एसआईआर (SIR) का कार्य प्रगति पर है, जिसके पूर्ण होते ही कार्यालय स्थानांतरित कर दिए जाएंगे।
सर्विस रोड और नालियों की समस्या
ग्रामीणों ने कलेक्टर को एमपीआरडीसी (MPRDC) द्वारा सर्विस रोड की नालियों की सफाई के नाम पर हटाए गए अतिक्रमण से उत्पन्न हो रही परेशानियों से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि एमपीआरडीसी को जल्द से जल्द सफाई कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
छात्रावास का औचक निरीक्षण: वार्डन मिलीं नदारद
निरीक्षण के दौरान बालिका छात्रावास की व्यवस्थाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। ग्रामीणों ने शिकायत की कि नियमानुसार वार्डन की नियुक्ति तीन वर्ष के लिए होती है, जबकि वर्तमान वार्डन संध्या का कार्यकाल इससे अधिक हो चुका है और वे अक्सर मुख्यालय से अनुपस्थित रहती हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर जब एसडीएम सुनील जायसवाल और नायब तहसीलदार वैभव जैन छात्रावास पहुंचे, तो वहां वार्डन अनुपस्थित पाई गईं। अधिकारियों ने सहायक वार्डन जीवनी मईड़ा से बालिकाओं के भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर के कड़े निर्देश:
नई नियुक्ति: वार्डन का कार्यकाल पूर्ण होने और लापरवाही मिलने पर कलेक्टर ने जल्द ही नई वार्डन नियुक्त करने के संकेत दिए।
वैकल्पिक व्यवस्था: छात्रावास में कमरों की कमी को देखते हुए अधिकारियों को वैकल्पिक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।
बालिकाओं से संवाद: अधिकारियों ने छात्रावास की बालिकाओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना।
