दिनदहाड़े बदमाशों का दुस्साहस: पता पूछने के बहाने बुजुर्ग महिला के गले से झपटा मंगलसूत्र
ताल (रतलाम) | प्रतिनिधि, वाहिद खांन पठान
नगर के राजेंद्र मार्ग क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला से पता पूछने के बहाने उनके गले से सोने के 20 मोतियों और पेंडल सहित मंगलसूत्र छीन लिया और रफूचक्कर हो गए।
वारदात का घटनाक्रम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 6 फरवरी दोपहर करीब 3:00 बजे की है। ताल-जावरा रोड स्थित राजेंद्र मार्ग रहवासी क्षेत्र में चंदाबाई (60), पति जगदीश खत्री अपने घर के बाहर ओटले पर खड़ी थीं। तभी एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक वहां पहुंचे। दो युवक बाइक स्टार्ट कर बाहर ही खड़े रहे, जबकि एक 20-22 वर्षीय युवक महिला के पास आया।
बातों में उलझाकर की झपट्टा मारी
फरियादिया चंदाबाई ने बताया कि उस समय वह घर में अकेली थीं। युवक ने उनसे किसी व्यक्ति का नाम लेकर पता पूछा। जब महिला ने उस नाम के व्यक्ति की जानकारी होने से मना किया, तो युवक ने बातों ही बातों में अपने साथियों को इशारा किया और अचानक महिला के गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लिया। इससे पहले कि महिला शोर मचा पाती, तीनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही ताल पुलिस सक्रिय हुई और मौका मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।
