रतलाम: शहर के समाजसेवी स्व. अम्बादासजी पिरोदिया की धर्मपत्नी श्रीमती कमलाबाई पिरोदिया के निधन के उपरांत उनके परिजनों ने समाजसेवा और मानवता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए उनका नेत्रदान की सहमति जताई।
इस नेत्रदान से दो दृष्टिहीनों को दृष्टि प्राप्त होने की संभावना बनी है, जिससे उनके जीवन में नया उजियारा आएगा। इस पुनीत कार्य हेतु डॉ. प्रकाश पिरोदिया ने परिवार के अन्य सदस्यों से विचार-विमर्श कर नेत्रदान का निर्णय लिया, जिस पर सभी ने अपनी सहमति प्रदान की।
नेत्रदान संस्था के अध्यक्ष कमल नाहर ने बताया कि परिजनों की सहमति मिलते ही तत्काल सुश्रुत नेत्र चिकित्सालय के डॉ. प्रकाश पिरोदिया ने नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की और आँखों को सुरक्षित किया। सूचना मिलते ही उनकी टीम के सदस्य मनीष नाहर एवं पवन नाहर ने तत्काल पहुंचकर नेत्रदान की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। नेत्रदान के दौरान परिजनों के सभी सदस्यों, रिश्तेदारों, मित्रों, शुभचिंतकों ने इस सराहनीय कार्य की सराहना की और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मौके पर डॉ. प्रकाश पिरोदिया, अनिलजी मुथा, पवनजी नाहर, मनीष नाहर, सुदर्शन पिरोदिया, निलेश पिरोदिया, गौरव पिरोदिया, अजय पिरोदिया, सुजीत पिरोदिया, संजय मुथा, मनीष मेहता, निलेशजी कोठारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
नेत्रदान संस्था ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे भी नेत्रदान जैसे पुनीत कार्य में सहयोग करें और समाज को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने में सहभागी बनें।
