विराट कोहली के 93 रन की मदद से भारत ने न्यूजीलैंड को पहले वनडे में 4 विकेट से हरा दिया। रविवार को वडोदरा में न्यूजीलैंड ने 300 रन बनाए। भारत ने वनडे में 20वीं बार 300+ रन का टारगेट चेज कर लिया। कोहली ने सबसे तेज 28 हजार रन बनाने का रिकॉर्ड हासिल किया, वे इंटरनेशनल क्रिकेट के दूसरे टॉप स्कोरर भी बन गए।
विराट का लगातार 5वां 50+ स्कोर
विराट कोहली ने वनडे में लगातार 5वीं बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया। वे अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के शुरुआती 2 मैचों में खाता भी नहीं खोल सके थे, लेकिन तीसरे मुकाबले में फिफ्टी लगा दी। फिर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 शतक और एक फिफ्टी लगा दी। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ 93 रन बनाकर उन्होंने लगातार पांचवें वनडे में 50+ स्कोर बनाया।
विराट ने वनडे में 5वीं बार लगातार 5 पारियों में 50 से ज्यादा रन के स्कोर बनाए। इस रिकॉर्ड में वे टॉप पर हैं। उनके बाद साउथ अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक, न्यूजीलैंड के केन विलियमसन और पाकिस्तान के बाबर आजम 2-2 बार ऐसा कर सके हैं।
