ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को संवारने की मिसाल बने बलवंत सिंह राठौर
गाँव में निर्मित बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट तथा उद्यान का हुआ लोकार्पण
जावरा (निप्र): गाँवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल सामने आई है। बास्केटबॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी, समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त आबकारी अधिकारी बलवंत सिंह राठौर (गोंदीशंकर) ने गाँव के बीच स्थित अपने फॉर्म पर आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास कर ग्रामीण युवाओं के सपनों को नई उड़ान दी है।
उन्होंने अपने निजी प्रयासों से यहाँ बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट तथा सुबह-शाम टहलने के लिए एक सुव्यवस्थित उद्यान का निर्माण कराया। इन सुविधाओं के लोकार्पण अवसर पर खेल प्रेम और सामाजिक समरसता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम के साथ ही राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ियों का मिलन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा किए और ग्रामीण युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आध्यात्मिक वातावरण के निर्माण हेतु संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया, जिससे कार्यक्रम में श्रद्धा और संस्कार का समावेश हुआ। उपस्थित जनसमुदाय ने इसे खेल, संस्कृति और समाज सेवा का सुंदर संगम बताया।
फीता काटकर हुआ लोकार्पण
कोर्ट का लोकार्पण खेलगुरु वी.पी. रिछारिया, भारत सरकार के सेंट्रल एक्साइज कमिश्नर एवं अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी सैय्यद जाकिर अली, जिला बास्केटबॉल संघ के पदाधिकारियों व अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा रिबन काटकर किया गया।
लोकार्पण के उपरांत खेलगुरु रिछारिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, केवल उन्हें सही मार्गदर्शन और सुविधाओं की आवश्यकता होती है। यदि गाँवों में ही खेल के लिए अनुकूल वातावरण बनाया जाए, तो यहाँ से भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल सकते हैं। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने इस पहल की जमकर सराहना की और इसे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। अतिथियों का स्वागत बलवंत सिंह राठौर, शिवलता राठौर, दिव्यराज सिंह राठौर तथा डॉ. मयूना सिंह ने किया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजनारायण सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी हेमंत श्रीमाल, एकलव्य पुरस्कार विजेता सुमित रिछारिया, डीएसपी अजय सारवान, तारेश स्वर्णकार, जिला बास्केटबॉल संघ संयोजक अशोक सेठिया, सचिव विजय पामेचा, कोषाध्यक्ष अरुण संघवी, नीतिराज सिंह, शेखर नाहर, महेंद्र गंगवाल, डॉ. हमीर सिंह राठौर, पिपलौदा जनपद अध्यक्ष योगेंद्र सिंह सोलंकी, अनिल संघवी, डॉ. अजय सिंह राठौर, पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी, प्रणय नाहटा, पूर्व नपा अध्यक्ष यूसुफ कड़पा, सेवानिवृत्त आईजी महेंद्र सिंह सिकरवार, अनिल कुशवाह, सेवानिवृत्त डीआईजी धर्मेंद्र चौधरी, सेवानिवृत्त डीजे तारकेश्वर सिंह सहित कई राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
