बूढ़ा (जावरा)। निज प्रतिनिधि क्षेत्रीय समस्याओं और सरकार की वादाखिलाफी को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के पश्चात कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु के नाम एक ज्ञापन सहायक राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार खरे को सौंपा। ज्ञापन में मनरेगा का नाम बदलने की कोशिशों और किसानों की अनदेखी सहित कई स्थानीय मुद्दों पर आक्रोश व्यक्त किया गया।
मनरेगा का नाम बदलने पर आपत्ति
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सत्ता के बल पर गरीबों और मजदूरों की जीवनरेखा मानी जाने वाली ‘महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना’ (मनरेगा) का नाम बदलने का प्रयास कर रही है, जो कि अनुचित है।
किसानों और सड़क निर्माण का मुद्दा गरमाया
ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान में किसानों को वह भाव नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही, बादरी से बील्लोद रोड निर्माण में भारी भ्रष्टाचार और अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गाइडलाइन के अनुसार सड़क निर्माण नहीं किया गया है।
अतिक्रमण और जाम से जनता बेहाल
गाँव की सीमा में फैले अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जाम में एम्बुलेंस और स्कूल बसें घंटों फंसी रहती हैं, लेकिन प्रशासन मौन है। गाँव में नालियों का निर्माण न होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे बीमारियाँ फैलने का डर है। विभागीय अधिकारियों की उदासीनता पर रोष प्रकट करते हुए महामहिम से तत्काल राहत दिलाने की मांग की गई है।
