जावरा (निप्र): स्थानीय श्री रणजीत हनुमान मंदिर परिसर में शुक्रवार को महिला मंडल द्वारा फाग उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। भक्ति और उल्लास के इस संगम में महिलाओं ने बालाजी महाराज और राधा-कृष्ण के भजन गाकर वातावरण को फाल्गुनी रंगत से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे पात्र आकर्षण का केंद्र रहे, जिनके साथ महिलाओं ने पारंपरिक रूप से फूलों और गुलाल से होली खेली। विशेष आकर्षण भगवान रणजीत हनुमान जी का ‘होली’ स्वरूप में किया गया अद्भुत श्रृंगार रहा। भजनों की थाप पर महिला मंडल की सदस्यों ने सामूहिक नृत्य कर उत्सव का भरपूर आनंद लिया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी।
